अमेरिका के वरिष्ठ सैन्य कमांडर ने कहा है कि चीन ने विवादित दक्षिण चीन सागर के विभिन्न द्वीपों में से कम से कम तीन द्वीपों में अपने सैनिक तैनात कर रखे हैं। इन सैनिकों को पोत और विमान-रोधी मिसाइलों से लैस कर रखा है। उन्हें लेज़र और ज़ेमिंग साजो-सामान तथा लडाकू जैट विमान भी उपलब्ध कराए गये हैं। इससे क्षेत्र में सक्रिय अन्य राष्ट्र बहुत चिंतित हैं।
हिंद-प्रशांत सागर क्षेत्र से संबंधित अमरीकी कमांडर एडमिरल जॉन सी. एक्युलिनो ने कहा है कि इन कृत्रिम द्वीपों को सैनिक अड्डों के तौर पर इस्तेमाल करना, चीन के राष्ट्रपति षी चिनफिंग द्वारा दिए गए आश्वासन के बिलकुल खिलाफ है। इस तरह चीन अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन कर रहा है।
अमरीकी कमांडर की इस टिप्पणी पर चीनी अधिकारियों ने कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की है। चीन का मानना है कि दक्षिण चीन सागर में उसकी गतिविधियां अपनी रक्षा के लिए है।