केन्द्र सरकार ने देश में जनजातीय समुदाय के बीच कोविड टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। यह अभियान छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले और मध्यप्रदेश के मांडला जिले में शुरू किया गया।
केंद्र सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय ने हाल ही में ‘कोविड टीका संग सुरक्षित वन, धन और उद्यम’ अभियान शुरू किया है। इसका उद्देश्य ट्राईफेड से जुड़े 45000 वन धन विकास केंद्रों में सहभागी कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनजातीय समुदायों में कोविड- वैक्सीन को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के साथ ही शत प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल करना है। यह अभियान यूनिसेफ और विश्व स्वास्थ्य संगठन की मदद से शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत देश भर में 50 लाख से अधिक जनजातीय लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के शुभारंभ अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि आजीविका उपार्जन के लिए स्वस्थ रहना जरूरी है और स्वस्थ जीवन के लिए वर्तमान में टीकाकरण सबसे अधिक आवश्यक है।