आंध्र प्रदेश के विभिन्न जिलों में वर्षा से जुडी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढकर 30 हो गई है। इन घटनाओं में 12 लोग अभी भी लापता हैं। राज्य में चेन्नई-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग 16 पर नैल्लोर और विजयवाडा के बीच सडक सम्पर्क कट गया है। इस मार्ग पर सौ से ज्यादा एक्सप्रैस ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि 29 गाडियों का मार्ग बदला गया है। हालांकि इस रेल खण्ड पर यातायात बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम चल रहा है।
इस बीच, राज्य सरकार ने कहा है कि बाढ प्रभावित चार राज्यों में दो हजार से भी ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचा है और पांच करोड से भी ज्यादा की सम्पत्ति को क्षति पहुंची है। राज्य सरकार ने बाढ प्रभावित क्षेत्रों में हर परिवार को 25 किलो चावल, एक किलो चना दाल, एक लीटर खाद्य तेल और एक-एक किलो आलु और प्याज वितरित करने का आदेश दिया है।