विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत यात्रा पर आए अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से नई दिल्ली में बातचीत की। बैठक के शुरू में डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच सामयिक दृष्टि से प्रासंगिक सभी क्षेत्रों में व्यापक सहयोग है। उन्होंने दोनों देशों के एकसमान हितों और चिन्ताओं पर भी बातचीत की। विदेश मंत्री ने भारत और अमरीका के बीच कोविड महामारी से निपटने में सहयोग का भी जिक्र किया। उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और समृद्धि तथा अफगानिस्तान में लोकतांत्रिक स्थिरता के लिए प्रयास करने, क्वाड्रिलेटरल सिक्योरिटी डायलॉग – क्वाड को प्रगाढ करने और समकालीन चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करने पर बल दिया।
अमरीकी विदेश मंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडेन दोनों देशों के बीच संबंध मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि कोविड महामारी ने लोगों के जीवन पर असर डाला है और इस तरह की चुनौतियों से कोई भी देश अकेले नहीं निपट सकता, इसलिए देशों के बीच सहयोग पहले की तुलना में अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।
बाद में, डॉक्टर जयशंकर ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि अमरीकी विदेश मंत्री के साथ बैठक ऐसे महत्वपूर्ण समय में हुई है जब महत्वपूर्ण, वैश्विक और क्षेत्रीय चुनौतियों से प्रभावी तरीके से निपटने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि आज की बैठक में दोनों पक्षों ने कोविडरोधी टीके को पूरी दुनिया में किफायती दर पर सबको उपलब्ध कराने के लिए इसका उत्पादन बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने कोविड की दूसरी लहर के दौरान अमरीका की ओर से भारत को दी गई सहायता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध मजबूत होकर इस स्तर पर पहुंच गए हैं कि वे मिलजुल कर बड़े मुद्दों को भी निपटा सकते हैं।
एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि उन्होंने अफगानिस्तान सहित क्षेत्रीय सुरक्षा के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत और अमरीका दोनों चाहते हैं कि अफगानिस्तान में शांति, सुरक्षा और स्थिरता का माहौल हो।
अमरीकी विदेश मंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में एक विश्वसनीय भागीदार होने के नाते भारत ने हमेशा अफगानिस्तान की स्थिरता और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और भविष्य में भी वह इसे जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि अमरीका, अफगानिस्तान में टकराव के समाधान के लिए सभी पक्षों की बातचीत के लिए प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में तालिबान की ज्यादतियों की खबरें आ रही हैं जो बहुत दुखद है। क्वाड के बारे में पूछे गए सवाल पर श्री ब्लिंकन ने कहा कि एकसमान सोच वाले चार देश कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर मिलकर काम करने के लिए आगे आते हैं तो इसका लोगों पर अच्छा असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि क्वाड कोई सैन्य गठबंधन नहीं है इसका उद्देश्य क्षेत्रीय चुनौतियों पर सहयोग बढ़ाना है।
अमरीकी विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और अमरीका के एकसमान मूल्य दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाते हैं। श्री ब्लिंकन ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से भी बातचीत की। उन्होंने सुरक्षा, रक्षा, आर्थिक और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। परस्पर संबंधों को अगले स्तर पर ले जाने के लिए दीर्घकालिक उपायों पर प्रमुखता से चर्चा की गई।
एंटनी ब्लिंकन आज ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे।
भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा वनडे: जो रूट की नाबाद 99 रन की पारी से इंग्लैंड… Read More
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम की बड़ी चुनौती, नए सीजन में जीत की लय बरकरार रखने पर… Read More
प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना को बड़ी सौगात, 12 राज्यों को ₹10,021 करोड़ जारी नई दिल्ली:… Read More
बांग्लादेश बनाम जिम्बाब्वे: दूसरे टी20 में सीरीज बचाने उतरेगा बांग्लादेश, जिम्बाब्वे की नजर सीरीज जीत… Read More
पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए मूल्य स्थिरीकरण कोष के इस्तेमाल की मांग… Read More
दिल्ली MCD वार्ड समिति चुनाव में BJP का शानदार प्रदर्शन, कई जोन में AAP को… Read More
This website uses cookies.
Leave a Comment