India

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र को भारत के जैव-आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा

केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी एवं पृथ्वी विज्ञान (स्वतंत्र प्रभार) पीएमओ, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष, राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र को भारत के जैव-आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पूर्वी हिमालयी क्षेत्र एक बड़ा जैव विविधता वाला समृद्ध क्षेत्र है और यह दुनिया के 34 जैव विविधता वाले हॉटस्पॉट में शामिल है। उन्होंने कहा कि इन अमूल्य आनुवंशिक संसाधनों का जैव प्रौद्योगिकी उपायों के माध्यम से विशेष रूप से इस क्षेत्र के आर्थिक विकास के लिए और आमतौर पर राष्ट्र के लिए उपयोग करने की आवश्यकता है। वे जैव-संसाधन और सतत विकास संस्थान (आईबीएसडी), इंफाल के दौरे के बाद संबोधित कर रहे थे।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के लगातार और नए सिरे से ध्यान केंद्रित करने के कारण भारत को 2025 तक वैश्विक जैव-मैन्युफैक्चरिंग केंद्र के रूप में मान्यता दी जाएगी और यह दुनिया के शीर्ष 5 देशों में शामिल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत की जैव-अर्थव्यवस्था 2025 तक मौजूदा 70 बिलियन डॉलर से बढ़कर 150 बिलियन डॉलर के लक्ष्य को हासिल करने के मार्ग पर अग्रसर है और यह 2024-25 तक प्रधानमंत्री के 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के विजन में प्रभावी ढंग से योगदान देगी।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देशों के अनुसार जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने क्षेत्र के विशिष्ट मुद्दों से निपटने और सामाजिक उत्थान के कार्यक्रमों को लागू करने के लिए जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान करने हेतु पूर्वोत्तर क्षेत्र में क्षमता निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, क्योंकि पूर्वोत्तर क्षेत्र स्थानीय समुदायों के लिए पौधों, पशुओं और सूक्ष्मजीव संसाधनों का एक आनुवंशिक घर है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि आईबीएसडी को न केवल अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ क्षेत्र में उत्कृष्टता का केंद्र बनना चाहिए, बल्कि लोगों के कल्याण के लिए रोजगार सृजन करने की दिशा में प्रौद्योगिकी पैकेज भी तैयार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संस्थान को जन केंद्रित होना चाहिए और उसे अपने काम के माध्यम से लोगों का विश्वास जीतने के लिए कल्पनाशील और नवीन दृष्टिकोणों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संस्थान को अनुसंधान अनुप्रयोग और प्रौद्योगिकी, उत्पादों और प्रक्रियाओं के व्यावसायीकरण के लिए एक जीवंत सक्रिय और प्रतिबद्ध केंद्र के रूप में उभरना चाहिए और समस्त पूर्वोत्तर क्षेत्र में समृद्धि लाने के लिए क्षेत्र के समृद्ध जैव संसाधनों के आधार पर उद्यमों को बढ़ावा भी देना चाहिए।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने यह भी बताया कि आईबीएसडी में डीबीटी द्वारा वित्त पोषित फाइटो-फार्मास्युटिकल लैब सुविधा पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए फाइटो-फार्मास्युटिकल मिशन को भी बढ़ावा दे रही है। इस मिशन का उद्देश्य पारंपरिक स्वास्थ्य प्रथाओं के प्रलेखन, वैज्ञानिक सत्यापन और मूल्यांकन को बढ़ावा देना है। यह एक बहुत महत्वपूर्ण कदम है और यह पूर्वोत्तर क्षेत्र के विशाल पादप संसाधनों और विविध पारंपरिक स्वास्थ्य प्रक्रियाओं के संदर्भ में विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि जैव-संसाधनों के साथ उत्पादों, प्रक्रियाओं और प्रौद्योगिकियों के विकास में परिवर्तनकारी दृष्टिकोण पारंपरिक ज्ञान-आधारित चिकित्सीय एजेंटों के विकास में सहायता प्रदान करेगा। इससे क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास के साथ-साथ पारंपरिक स्वास्थ्य देखभाल चिकित्सकों को भी फायदा होगा।

विभिन्न सफल उपायों का उदाहरण देते हुए, डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि डीबीटी ने जैव-संसाधन विकास केंद्र में संयुक्त रूप से मेघालय में किसानों के खेतों में उच्च गुणवत्ता वाली रोपण सामग्री का उपयोग करके स्थायी कृषि-तकनीकी उपाय को अपनाकर स्ट्रॉबेरी की खेती के प्रदर्शन से संबंधित परियोजना का समर्थन किया है। बायो जैव संसाधन विकास केंद्र शिलांग और बागवानी प्रौद्योगिकी संस्थान, मंदिरा, असम ने इस काम में संयुक्त रूप से योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि मणिपुर में किसानों को स्ट्रॉबेरी की अच्छी किस्मों के लगभग 50 टिशू-कल्चर से उगाए पौधे वितरित किए जाने का प्रस्ताव है।

इसी तरह, डीबीटी ने शूट-टिप ग्राफ्टिंग प्रोद्यौगिकी के माध्यम से गुणवत्ता रोपण सामग्री का उत्पादन करके एक महत्वपूर्ण फ्रूट क्रॉप खासी मंदारिन में उत्पादन और उत्पादकता में सुधार करने का कार्यक्रम तैयार किया है। इस कार्यक्रम का लक्ष्य परियोजना की तीन साल की अवधि के दौरान खासी मंदारिन और स्वीट ऑरेंज के चार लाख प्रमाणित रोग मुक्त गुणवत्ता वाले पौधों का उत्पादन करना और क्षेत्र में कम से कम 1,000 किसानों का क्षमता निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि ग्राफ्टेड खासी मंदारिन के पचास पौधे एएयू-साइट्रस रिसर्च स्टेशन, तिनसुकिया, असम में तैयार किए गए हैं और जल्दी ही मणिपुर में किसानों को सौंपे जाएंगे।

डीबीटी ने बागवानी अनुसंधान स्टेशन, असम कृषि विश्वविद्यालय (एएयू), काहिकुची में एक बायोटेक-किसान केंद्र स्थापित किया है। इसका उद्देश्य मालभोग केले की गुणवत्तापूर्ण रोपण सामग्री का बड़े पैमाने पर उत्पादन करना है। इस केले की असम राज्य में बहुत मांग है। मणिपुर के किसानों को लगभग 50 मैक्रो-उत्पादित मालभोग केले वितरित करने का प्रस्ताव है।

Khushi Bhargav

I am Khushi Bhargav a passionate Content Writer at Vikral News, who loves to share informative and engaging content on Trending News, Lifestyle, Entertainment, Current Affairs, and Viral Stories.

Leave a Comment

Recent Posts

1 जून से 30 जून तक देशभर में चलेगा “खेत बचाओ अभियान”

केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने कहा है कि “खेत बचाओ अभियान” सिर्फ जागरूकता… Read More

9 hours ago

गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के भुज में सीमा संबंधी विषयों पर बैठक की अध्यक्षता की

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के भुज में भारत-पाकिस्तान सीमा (IPB) से लगे… Read More

9 hours ago

JEE Advanced 2026 के नतीजे घोषित, उम्मीदवारों के लिए रैंक, स्कोर और कटऑफ से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई।

JEE Advanced 2026 Result: रिजल्ट, रैंक और कटऑफ को लेकर बड़ी अपडेट देश की सबसे… Read More

9 hours ago

This website uses cookies.