Categories: News-Headlines

गृह मंत्री अमित शाह ने तीसरे “नो मनी फॉर टेरर” मंत्रिस्तरीय सम्मेलन (काउंटर-टेररिज्म फाइनेंसिंग) के समापन सत्र को संबोधित किया

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में तीसरे “नो मनी फॉर टेरर” मंत्रिस्तरीय सम्मेलन (काउंटर-टेररिज्म फाइनेंसिंग) के समापन सत्र को संबोधित किया। अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि इस दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान दुनियाभर के देशों से आए प्रतिनिधियों ने टेरर फाइनेंसिंग में उभरते ट्रेंड्स, नई इमर्जिंग फाइनेंशियल टेक्नोलॉजीज का दुरूपयोग और टेरर फाइनेंसिंग के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग पर विचार-विमर्श किया ताकि प्रभावी रूप से ‘नो मनी फॉर टेरर’ का हमारा उद्देश्य सफल हो सके।

अमित शाह ने कहा कि सहभागी देशों और संगठनों के लिए “कॉम्बैटिंग दी फाइनेंसिंग ऑफ़ टेररिज्म“ की वर्तमान अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था की प्रभावशीलता तथा उभरती चुनौतियों के समाधान पर विचार-विमर्श करने के लिए यह सम्मेलन एक अनूठा मंच है। अमित शाह ने कहा कि टेररिज्म ने आज एक ऐसा विकराल रूप धारण किया है जिसका प्रभाव हर स्तर पर दिखता है। उन्होंने कहा कि “टेररिज्म लोकतंत्र, मानवाधिकार, आर्थिक प्रगति तथा विश्व शांति के खिलाफ सबसे बड़ा नासूर है, जिसे हमें जीतने नहीं देना है”। उन्होंने कहा कि कोई भी एक देश या संगठन, चाहे वह कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, टेररिज्म को अकेला नहीं हरा सकता और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को लगातार इस जटिल और बॉर्डर-लेस खतरे के खिलाफ कंधे से कंधा मिलाकर चलना होगा।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ दशकों में भारत ने टेररिज्म के सभी रूपों सहित कई चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया है। उन्होंने कहा कि टेररिज्म के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति, काउंटर-टेरर कानूनों के मजबूत फ्रेमवर्क तथा एजेंसियों के सशक्तिकरण के कारण भारत में टेररिज्म से होने वाली घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है तथा टेररिज्म के मामलों में सख्त सजा दिलाने में सफलता हासिल की गई है। अमित शाह ने यह भी कहा कि इन्वेस्टीगेशन को विज्ञान और तकनीक से लैस करने के उद्देश्य से फॉरेंसिक साइंस को बढ़ावा दिया जा रहा है और इस दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की परिकल्पना से दुनिया के पहले राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है। अमित शाह ने बताया कि भारत सरकार ने यह भी तय किया है कि टेररिज्म, नारकोटिक्स और आर्थिक अपराध जैसे अपराधों पर राष्‍ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय डेटाबेस विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध का व्यापक तरीके से मुकाबला करने के लिए भारत सरकार ने भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र की स्थापना की है। अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि भारत “काउंटर-टेररिज्म (CT) तथा कॉम्बेटिंग दी फाइनेंसिंग ऑफ़ टेररिज्म (CFT) के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग का केंद्र बिंदु होगा।

अमित शाह ने कहा कि हम टेररिज्म के सभी रूपों के खिलाफ एक प्रभावी, दीर्घकालिक और ठोस लड़ाई के बिना भय-मुक्त समाज और भय-मुक्त दुनिया के बारे में नहीं सोच सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे राष्ट्रों के नागरिकों ने नेतृत्व के ऊपर सबसे बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है – उनकी सुरक्षा की, और यह हमारा कर्त्तव्य है कि इस जिम्मेदारी की कसौटी पर हम खरे उतरें। अमित शाह ने कहा कि पिछले दो दशकों में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने इस खतरे से निपटने के लिए एक ढाँचा विकसित किया है जिसका मुख्य उद्देश्य “काउंटर-टेररिज्म सैंक्शन व्यवस्था” खड़ी करना है और टेररिज्म को स्टेट-फंडेड इंटरप्राइज बनाने वाले देशों की कार्रवाईयों पर कुछ हद तक अंकुश लगाने का काम यूनाइटेड नेशन्स द्वारा स्थापित इस व्यवस्था ने सफलता से किया है, लेकिन इसे और कठोर, पारदर्शी और सटीक बनाना है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हमारी सबसे पहली प्रतिबद्धता ट्रांसपेरेंसी के साथ कोऑपरेशन की होनी चाहिए और सभी देशों और संगठनों को बेहतर और प्रभावी तरीके से इंटेलिजेंस साझा करने में पूरी तरह से ट्रांसपेरेंसी का संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि हमें टेररिज्म और टेररिस्ट गुटों के खिलाफ इस लड़ाई को प्रत्येक भौगौलिक और वर्चुअल क्षेत्र में लड़ना होगा। अमित शाह ने कहा कि ऐसे कई मामले सामने हैं, जहाँ अन्य मकसदों की आड़ में कुछ संगठन, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आतंकवाद और रेडिकलाइजेशन को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह भी देखा गया है कि यह संगठन, आतंकवाद को फाइनेंस करने के चैनल भी बनते हैं। अमित शाह ने बताया कि अभी हाल ही में भारत सरकार ने सामाजिक गतिविधियों की आड़ में युवाओं को रेडिकलाइज करके उन्हें आतंक की ओर धकेलने की साजिश करने वाली एक संस्था को बैन करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक देश को ऐसी संस्थाओं को चिन्हित करके उनके विरुद्ध कार्रवाई करनी चाहिए।

अमित शाह ने कहा कि कुछ देशों, उनकी सरकारों और एजेंसियों ने ‘टेररिज्म’ को स्टेट पालिसी बनाया है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि टेरर हेवन्स पर आर्थिक प्रतिबंध के साथ-साथ सभी प्रकार की नकेल कसना आवश्यक है और इस पर दुनिया के सभी देशों को अपने जियो-पोलिटिकल इंटरेस्ट से ऊपर उठकर एक मन बनाना होगा। उन्होंने कहा कि कुछ देश राजनीति के लिए आतंकवादियों और आतंकवाद को पनाह देने वालो का बार बार समर्थन करते हैं, लेकिन आतंकवाद की कोई अंतर्राष्ट्रीय सीमा नहीं होती और इसीलिए सभी देशों को राजनीति को भुलाकर एक दूसरे का सहयोग करना चाहिए। अमित शाह ने कहा कि सभी देशों को ‘टेररिज्म’ और ‘टेरर फाइनेंसिंग’ की व्याख्या पर सहमति भी बनानी होगी क्योंकि यह हमारे नागरिकों की सुरक्षा, मानवाधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों के रक्षा का मुद्दा है, न कि एक राजनैतिक मुद्दा।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि टेररिस्ट ग्रुप्स, इन्फार्मेशन टेक्नोलॉजी और साइबर स्पेस को अच्छी तरह से समझते हैं, जनता की संवेदनशीलता भी समझते हैं और इसीलिए उसका उपयोग भी करते हैं। उन्होंने कहा कि आज साइबर स्पेस, टेररिज्म के खिलाफ लड़ाई का एक प्रमुख युद्ध का मैदान है। अमित शाह ने कहा कि वेपन्स टेक्नोलॉजी में भी बहुत परिवर्तन हुआ है और 21वीं सदी की लीथल टेक्नोलॉजीज तथा ड्रोन टेक्नोलॉजी अब आतंकवादियों के पास भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि टेररिस्ट तथा टेररिस्ट ग्रुप्स के नारकोटिक्स जैसे संगठित अपराधों के साथ बढ़ते लिंक्स, क्रिप्टो करेंसी तथा हवाला, टेरर फाइनेंसिंग की संभावनाओं को कई गुना बढ़ा देते है।

अमित शाह ने कहा कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य यही है कि टेररिज्म और टेरर फाइनेंसिंग के सभी चैनलों की पहचान कर, टेरर फाइनेंसिंग के खिलाफ एक प्रैक्टिकल तथा वर्केबल रोडमैप बनाया जाये। उन्होंने कहा कि IMF और वर्ल्ड बैंक के एक अनुमान के अनुसार दुनियाभर के क्रिमिनल्स हर वर्ष लगभग 2 से 4 ट्रिलियन डॉलर की लॉन्ड्रिंग करते हैं और इसमें से एक बड़ा हिस्सा टेररिज्म बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस क्वांटम और चुनौतियों को देखते हुए सभी देशों के काउंटर-टेरर और टेरर फाइनेंसिंग के क्षेत्रों में काम करने वाली एजेंसियों एवं उनके अधिकारियों को एक दीर्घकालिक रणनीति अपनानी होगी। अमित शाह ने टेरर फाइनेंसिंग के सन्दर्भ में सम्मेवन में आए प्रतिभागियों का ध्यान कुछ विषयों की तरफ आकर्षित किया जो सभी की प्रायोरिटी होनी चाहिए:

वित्तीय नेटवर्क में गुमनामी (अनॉनिमस) से लड़कर, लीगल वित्तीय साधनों से डायवर्जन को रोकना

अन्य अपराधों द्वारा उत्पन्न राशि का टेररिस्ट गतिविधियों के लिए उपयोग को रोकना,

नई फाइनेंशियल टेक्नोलॉजीज, वर्चुअल एसेट्स जैसे क्रिप्टो-करेंसी, वॉलेट इत्यादि का टेरर एक्टिविटीज के लिए उपयोग को रोकना,

इल-लीगल चैनल्स, कैश कुरियर्स, हवाला का टेरर नेटवर्क द्वारा उपयोग पर नकेल कसना,

नॉन-प्रॉफिट आर्गेनाईजेशन (NPOs) सेक्टर का टेरर आइडियोलॉजी फैलाने में दुरूपयोग को रोकना,

सभी देशों की काउंटर-टेरर तथा फाइनेंशियल इंटेलिजेंस एजेंसियों का सतत कैपेसिटी बिल्डिंग करना।

अमित शाह ने कहा कि टेरर फाइनेंसिंग के सभी चरणों, जैसे आतंकवादियों द्वारा फण्ड जेनरेट करना, फण्ड का मूवमेंट करना, अन्य अपराधों के माध्यम से लेयरिंग करना तथा अंतत: टेररिस्ट गतिवधियों के लिए उपयोग करना, इस प्रत्येक स्टेज पर नकेल कसनी होगी और इसके लिए वैश्विक स्तर पर एक “स्पेसिफिक लेकिन कलेक्टिव एप्रोच” की आवश्यकता है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि सभी देशों को, फाइनेंशियल एक्शन टास्क फ़ोर्स (FATF) द्वारा सेट किये गए मानकों और सिफारिशों को केवल कागज पर नहीं, बल्कि स्पिरिट में इम्प्लेमेंट करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि टेररिज्म के वित्तपोषण का मुकाबला करने के लिए हमारा दृष्टिकोण 5 स्तंभों पर आधारित होना चाहिए :

एक व्यापक मॉनिटरिंग फ्रेमवर्क स्थापित करना जिसमें सभी इंटेलिजेंस तथा इन्वेस्टीगेशन एजेंसियों में कोऑपरेशन, कोआर्डिनेशन तथा कोलेबोरेशन हो,

ट्रेस (Trace), टारगेट (Target) और टर्मिनेट (Terminate) की स्ट्रेटेजी जिसे निम्नस्तरीय आर्थिक अपराध से लेकर संगठित आर्थिक अपराध तक अपनाना होगी,

टेरर फाइनेंस से संबधित लीगल स्ट्रक्चर्स को मजबूत करना तथा उनमें एकरूपता लाना,

नेक्स्ट जेनेरेशन टेक्नोलॉजी के दुरुपयोग के खिलाफ एक मजबूत तंत्र विकसित करना, और,

एसेट रिकवरी के लिए कानूनी और नियामक ढांचे को मजबूत करना।

अमित शाह ने कहा कि टेररिज्म को सपोर्ट करने वाले बॉर्डर-लेस फाइनेंस मूवमेंट को रोकने के लिए हमें भी ‘बियॉन्ड-बॉर्डर कोऑपरेशन’ के एप्रोच को स्वीकारना होगा, तभी जाकर यह मंच सफल होगा ।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने टेररिज्म और टेरर-फाइनेंसिंग के खिलाफ भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में, भारत टेरर-फाइनेंसिंग के सभी रूपों, जैसे मनी लॉन्ड्रिंग, डिजिटल फाइनेंशियल प्लेटफार्म का दुरुपयोग, हवाला, इत्यादि से निपटने के लिए सभी देशों के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में विचार-विमर्श के दौरान, भारत ने आतंकवाद के वित्‍तपोषण का मुकाबला करने पर निरन्‍तर वैश्विक फोकस बनाए रखने के लिए NMFT की इस विशिष्‍ट पहल के स्‍थायित्व की आवश्‍यकता महसूस की है और अब एक स्‍थायी सचिवालय स्‍थापित करने का समय आ गया है। अमित शाह ने कहा कि इस दिशा में आगे बढ़ते हुए भारत में एक स्‍थायी सचिवालय स्‍थापित करने का प्रस्‍ताव प्रस्तुत किया जा रहा है और इस पर, शीघ्र ही सभी प्रतिभागियों की बहुमूल्‍य टिप्‍पणियाँ प्राप्‍त करने के लिए एक डिस्कशन पेपर सर्कुलेट किया जायेगा।

Leave a Comment

Recent Posts

AIBE 21 (XXI) 2026: बार काउंसिल जल्द जारी कर सकती है नोटिफिकेशन, जानें रजिस्ट्रेशन और परीक्षा से जुड़ी अहम बातें

AIBE 21 (XXI) 2026: बार काउंसिल जल्द जारी कर सकती है नोटिफिकेशन, जानें रजिस्ट्रेशन और… Read More

32 minutes ago

Skyroot Aerospace ने अंतरिक्ष मिशनों को दी नई रफ्तार, निजी स्पेस सेक्टर में भारत की बढ़ी ताकत

Skyroot Aerospace ने अंतरिक्ष मिशनों को दी नई रफ्तार, निजी स्पेस सेक्टर में भारत की… Read More

2 hours ago

Kal Ka Rashifal 19 July 2026: चंद्रमा के राशि परिवर्तन से बदलेगा दिन, जानें मेष से मीन तक सभी 12 राशियों का राशिफल

Kal Ka Rashifal 19 July 2026: चंद्रमा के राशि परिवर्तन से बदलेगा दिन, जानें मेष… Read More

2 hours ago

भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा वनडे: जो रूट की नाबाद 99 रन की पारी से इंग्लैंड की शानदार जीत, सीरीज 1-1 से बराबर

भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा वनडे: जो रूट की नाबाद 99 रन की पारी से इंग्लैंड… Read More

22 hours ago

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम की बड़ी चुनौती, नए सीजन में जीत की लय बरकरार रखने पर नजर

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम की बड़ी चुनौती, नए सीजन में जीत की लय बरकरार रखने पर… Read More

1 day ago

प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना को बड़ी सौगात, 12 राज्यों को ₹10,021 करोड़ जारी

प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना को बड़ी सौगात, 12 राज्यों को ₹10,021 करोड़ जारी नई दिल्ली:… Read More

1 day ago

This website uses cookies.