विदेश मंत्रालय ने कहा है कि सरकार राष्ट्रव्यापी टीकाकरण कार्यक्रम के लिए देश में टीकों का उत्पादन बढाने पर विशेष जोर दे रही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने आज नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि सरकार टीकों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए विदेशों से ज्यादा टीके आयात करने का भी प्रयास कर रही है। इससे हाल के सप्ताह में टीकाकरण में तेजी आई है।
उन्होंने कहा कि सरकार विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से कोवैक्सीन को मिलने वाली मंजूरी पर भी नजर रखे हुए है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि कई देश भारत में बने टीकों को लेना चाहेंगे।
वीजा के मामले पर प्रवक्ता ने कहा कि कोरोना की स्थिति में तेजी से सुधार को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि कई देश प्रतिबंधों में ढील देंगे। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें फिर से शुरू करने के लिए भारत ने कई देशों के राजदूतों से संपर्क किया है। उन्होंने कहा कि विदेशों से लौटने के इच्छुक भारतीयों की विदेश मंत्रालय हर संभव मदद कर रहा है।
