केंद्रीय गृह-मंत्री अमित शाह ने कहा है कि केंद्र सरकार की कोशिश है कि वर्ष 2024 में होने वाले आम चुनाव से पहले पूरा देश नक्सलवाद की समस्या से मुक्त हो जाए।
आज छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि सरकार नक्सल-प्रभावित क्षेत्रों को इस समस्या से मुक्त कराने की कगार पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सडकें और स्कूल बनाने के साथ ही युवाओं को रोजगार देकर उन्हें विकास की मुख्य धारा से जोडा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नक्सली हिंसा का सख्ती से मुकाबला किया जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि वर्ष 2009 के मुकाबले वर्ष 2021 में माओवादी घटनाएं एक चौथाई से भी कम रह गई हैं।
अमित शाह ने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा हर वर्ग के लिए किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों को मकान, रसोई गैस, बिजली कनेक्शन और नल कनेक्शन देने के साथ ही उनके लिए मुफ्त इलाज की व्यवस्था भी की है।
अमित शाह ने छत्तीसगढ में रमन सरकार के 15 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ को बीमारू राज्य से विकसित राज्य बनाने का काम किया।