Categories: News-Headlines

रवीना टंडन की मुख्य भूमिका वाली नेटफ्लिक्स की क्राइम थ्रिलर सीरीज़ ‘अरण्यक’ का इफ्फी-52 में प्रीमियर

ये नेटफ्लिक्स के लिए पहली बार है और इफ्फी महोत्सव के लिए भी, और ऐसा हो पाया है इस ओटीटी प्लेटफॉर्म और एशिया के सबसे पुराने और सबसे बड़े फ़िल्म महोत्सव के बीच रचनात्मक गठजोड़ की बदौलत। जानी-मानी बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन की मुख्य भूमिका वाली नेटफ्लिक्स की क्राइम ड्रामा टीवी सीरीज़़ “अरण्यक” का प्रीमियर आज 26 नवंबर, 2021 को इस महोत्सव में किया गया है। ये सीरीज़ एक रहस्यमय हत्या के इर्द गिर्द बुनी गई है जिसमें राजनीतिक चालें, निजी एजेंडे और एक पाशविक मिथक एक-दूसरे में जटिल रूप से गुंथे हैं। इस कहानी में हर कोई संदिग्ध है और हर किसी के पास एक रहस्य छुपा है। इफ्फी में आए सिने प्रेमियों को आज इस केस को सुलझाने की यात्रा पर निकलने का अवसर मिला, जब महोत्सव में इस सीरीज़़ के पहले एपिसोड को दिखाया गया।

सीरीज़़ के किरदारों की ज़िंदगियों में लगने वाले इस गोते को और रोमांचकारी बनाने के लिए सिने प्रेमियों को उन लोगों से मिलने का अनूठा मौका भी दिया गया जिन्होंने इस सीरीज़ को हकीकत में तब्दील किया है। मुख्य कलाकार रवीना टंडन, जिनका किरदार एक साथी पुरुष पुलिस अधिकारी के साथ मिलकर इस हत्या के मामले की जांच कर रहा है; इस वेब सीरीज़ के निर्देशक विनय वैकुल; फ़िल्म निर्माता और रॉय कपूर फ़िल्म्स के प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ रॉय कपूर; फ़िल्मकार और रमेश सिप्पी एंटरटेनमेंट के निदेशक रोहन सिप्पी; और नेटफ्लिक्स इंडिया की कॉन्टेंट प्रमुख मोनिका शेरगिल ने “द मेकिंग ऑफ अरण्यक” को लेकर इफ्फी-52 के ‘इन-कन्वर्सेशन सत्र’ में अपने अनुभव और नई बातें साझा की। इस सीरीज़़ का निर्माण रॉय कपूर फ़िल्म्स और रमेश सिप्पी एंटरटेनमेंट द्वारा किया गया है।

इफ्फी में आए दर्शकों ने मशहूर अभिनेत्री रवीना टंडन को बड़े ग़ौर से सुना जब उन्होंने बताया कि सीरीज़़ में कस्तूरी डोगरा की भूमिका निभाने के लिए उन्हें किस चीज़ ने प्रेरित किया। कस्तूरी एक ईमानदार पुलिसकर्मी है और साथ-साथ एक स्नेहिल मां और पत्नी भी हैं। रवीना ने बताया, “कस्तूरी एक खूंखार, आज़ाद ख़्याल और जबरदस्त पुलिसकर्मी है जो अपने निजी जीवन और पेशे को संतुलित करने की कोशिश करती है। इस किरदार के जरिए मैं अपने दर्शकों को ये संदेश देना चाहती हूं कि हम महिलाओं को विभिन्न मोर्चों पर देखते हैं, चाहे वे वर्दी वाली महिलाएं हों या कॉर्पोरेट क्षेत्र की महिलाएं हों, वे अपने काम और पारिवारिक जीवन को संतुलित करने की कोशिश कर रही हैं। मुझे पता है कि हमारे समाज में महिलाएं और भी ऊपर उठ सकती हैं अगर उनका परिवार उनके पंखों की हवा बन जाए तो।”

उन्होंने कहा कि ओटीटी प्लेटफॉर्म और अन्य रचनात्मक मीडिया की बदौलत अब महिला केंद्रित फ़िल्मों को प्रमुखता दी जा रही है। रवीना ने कहा, “हाइवे हो या पद्मावत, अब फ़िल्मों में महिलाएं मुख्य भूमिकाएं कर रही हैं।”

निर्देशक विनय वैकुल ने उन कुछ ख़ास विचारों पर रोशनी डाली जो एक क्राइम थ्रिलर को निर्देशित करते वक्त शामिल होते हैं, जहां दर्शकों को रहस्य और रोमांच के एक जाल में ले जाया जाता है, और निर्देशक को ठीक सही मात्रा में जानकारियों का खुलासा करने का नाज़ुक संतुलन साधना होता है। उन्होंने बताया, “क्राइम थ्रिलर एक मुश्किल शैली है, लेकिन ये मेरी पसंदीदा है। एक क्राइम थ्रिलर में निर्देशन शतरंज के खेल की तरह होता है जहां दोनों खिलाड़ी आपकी अपनी ही रचनाएं होते हैं। एक तरफ, आपको दर्शकों का ध्यान खींचने और उन्हें अगले एपिसोड के लिए उत्साहित करने लायक पर्याप्त सामग्री देनी होती है, दूसरी ओर आप नहीं चाहते कि वे आपसे आगे निकल जाएं और कहानी के अंत का अनुमान लगाना शुरू कर दें।” वैकुल ने इस कहानी को पर्दे पर ज़िंदा करने का मौका देने के लिए सीरीज़ के निर्माताओं और नेटफ्लिक्स इंडिया का आभार व्यक्त किया।

फ़िल्म के निर्माताओं में से एक, रॉय कपूर फ़िल्म्स के एमडी सिद्धार्थ रॉय कपूर ने इफ्फी के दर्शकों को जानकारी दी कि पहली बार नेटफ्लिक्स की एक वेब सीरीज़ का प्रीमियर भारत में किसी फ़िल्म समारोह में किया जा रहा है।

दर्शक ये जानने के लिए उत्सुक थे कि वे इस सीरीज़ से क्या उम्मीद कर सकते हैं। कपूर भी उनकी उम्मीदें बढ़ाने से डरे नहीं। उन्होंने कहा, “ये कहानी इतनी सम्मोहक और अनोखी थी कि मैंने इस वेब सीरीज़ को समर्थन देने का फैसला किया। इसे बहुत ही ऑर्गेनिक और प्रामाणिक तरीके से बनाया गया है। दर्शकों को देखकर आनंद आ जाएगा।”

सीरीज़ के अन्य निर्माता रमेश सिप्पी एंटरटेनमेंट के निदेशक रोहन सिप्पी ने बताया कि इसका नाम ही उस रहस्यमयी आभा को दर्शाता है जिसे मेकर्स ज़ाहिर करना चाहते थे। उन्होंने बताया, “अरण्यक का अर्थ है जंगली, ये जिज्ञासा जगाता है। मैं इस प्रोजेक्ट के दौरान पूरी टीम का अद्भुत सहयोग पाकर बहुत खुश हूं।”

नेटफ्लिक्स इंडिया की कॉन्टेंट प्रमुख मोनिका शेरगिल ने कहा कि अरण्यक एक सच्ची क्राइम सीरिज है, जिसे खास तौर पर इसी ओटीटी प्लेटफॉर्म के लिए स्टाइल किया गया है। उन्होंने कहा, “क्राइम थ्रिलर नेटफ्लिक्स पर सबसे ज्यादा देखी जाने वाली शैलियों में से एक है। लेकिन क्राइम सीरिज भारत में अब तक सीरीज़ फॉर्मेट में नहीं बनाया गया है। तो, इस लिहाज से अरण्यक नेटफ्लिक्स के स्टाइल वाली एक प्रामाणिक क्राइम सीरिज है। ये सीरीज़ एक छोटे से हिमालयी शहर में रहने वाले सीधे-सरल और जड़ों से जुड़े किरदारों के बारे में है। हम उनके संघर्षों को महसूस कर सकते है। ये मुख्य रूप से इस कहानी की प्रामाणिकता और पात्रों की ताकत ही है जिसने हमें आकर्षित किया।”

शेरगिल ने फ़िल्मों में महिलाओं के नेतृत्व को लेकर अपने प्लेटफॉर्म की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा, “फ़िल्मों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व पिछले कुछ वर्षों में बढ़ा है, लेकिन इतनी तेजी से भी नहीं। नेटफ्लिक्स की महिलाओं के नेतृत्व वाले प्रोजेक्ट्स में गहरी प्रतिबद्धता है। नेटफ्लिक्स की 50 प्रतिशत अधिकारी भी महिलाएं हैं, हम लैंगिक रूढ़िवादिता को तोड़ना चाहते हैं।”

10 दिसंबर, 2021 से अरण्यक नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने लगेगी।

इफ्फी ने तकनीक, समाज, संस्कृति और सदियों पुराने व नए युग के अवसरों व चुनौतियों के बदलते स्वरूप के साथ अपने प्रगतिशील विकास और अनुकूलन को बनाए रखा है। वे अवसर और चुनौतियां जो 21वीं सदी के डिजिटल और कनेक्टेड युग में मानवता के सामने खड़े हैं। इतिहास में ये पहली बार है कि तमाम प्रमुख ओटीटी प्लेटफॉर्म जैसे नेटफ्लिक्स, एमेज़ॉन, सोनी वगैरह इस फ़िल्म महोत्सव में हिस्सा ले रहे हैं -खास मास्टरक्लास, कॉन्टेंट लॉन्च और प्रिव्यूज़, क्यूरेटेड फ़िल्म पैकेज स्क्रीनिंग, और विभिन्न दूसरे ऑन-ग्राउंड व वर्चुअल कार्यक्रमों के जरिए।

ओटीटी प्लेटफार्मों की भागीदारी भविष्य में एक नियमित चीज़ बन जाएगी, जैसा कि केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण सचिव ने 20 नवंबर, 2021 को इस महोत्सव के उद्घाटन समारोह में कहा था। इस महोत्सव का समापन 28 नवंबर, 2021 को होगा।

Leave a Comment

Recent Posts

National Film Awards 2026: ‘आर्टिकल 370’ बनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म, कार्तिक आर्यन और ममूटी को मिला बेस्ट एक्टर अवॉर्ड

National Film Awards 2026: ‘आर्टिकल 370’ बनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म, कार्तिक आर्यन और ममूटी को मिला… Read More

9 hours ago

RBI ने पॉलिमर नोटों की दिशा में बढ़ाया कदम, ₹10 और ₹20 के नोटों से हो सकती है शुरुआत

RBI ने पॉलिमर नोटों की दिशा में बढ़ाया कदम, ₹10 और ₹20 के नोटों से… Read More

9 hours ago

AIBE 21 (XXI) 2026: बार काउंसिल जल्द जारी कर सकती है नोटिफिकेशन, जानें रजिस्ट्रेशन और परीक्षा से जुड़ी अहम बातें

AIBE 21 (XXI) 2026: बार काउंसिल जल्द जारी कर सकती है नोटिफिकेशन, जानें रजिस्ट्रेशन और… Read More

11 hours ago

Skyroot Aerospace ने अंतरिक्ष मिशनों को दी नई रफ्तार, निजी स्पेस सेक्टर में भारत की बढ़ी ताकत

Skyroot Aerospace ने अंतरिक्ष मिशनों को दी नई रफ्तार, निजी स्पेस सेक्टर में भारत की… Read More

12 hours ago

Kal Ka Rashifal 19 July 2026: चंद्रमा के राशि परिवर्तन से बदलेगा दिन, जानें मेष से मीन तक सभी 12 राशियों का राशिफल

Kal Ka Rashifal 19 July 2026: चंद्रमा के राशि परिवर्तन से बदलेगा दिन, जानें मेष… Read More

13 hours ago

भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा वनडे: जो रूट की नाबाद 99 रन की पारी से इंग्लैंड की शानदार जीत, सीरीज 1-1 से बराबर

भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा वनडे: जो रूट की नाबाद 99 रन की पारी से इंग्लैंड… Read More

1 day ago

This website uses cookies.