Categories: News-Headlines

बीजेपी मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने जा रही है; कांग्रेस को तेलंगाना में पूर्ण बहुमत

राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में विधानसभा चुनावों की मतगणना संपन्न हो गई है। भाजपा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने जा रही है, जबकि कांग्रेस ने तेलंगाना में पूर्ण बहुमत हासिल किया है। मिजोरम विधानसभा के लिए मतगणना आज होगी।

राजस्थान विधानसभा चुनाव

राजस्थान में विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। कुल 199 सीटों में से बीजेपी ने 115 सीटें, कांग्रेस ने 69 सीटें, भारत आदिवासी पार्टी ने तीन और बहुजन समाज पार्टी ने दो सीटें और राष्ट्रीय लोक दल और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने एक-एक सीट जीती। आठ निर्दलीय उम्मीदवार भी विजयी रहे। सरदारपुरा सीट पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जीते हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पार्टी नेता सचिन पायलट और शांति धारीवाल ने भी अपनी अपनी सीटें जीत ली हैं।

भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने झालरापाटन में जीत दर्ज की। चुनाव लड़ने वाले सात बीजेपी सांसदों में से चार सांसद राज्यवर्धन राठौड़, दीया कुमारी, महंत बालकनाथ और किरोड़ी लाल मीणा जीत गए हैं, जबकि देवजी पटेल, नरेंद्र कुमार और भागीरथ चौधरी हार गए हैं। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अशोक गहलोत ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल कलराज मिश्र को अपना इस्तीफा सौंप दिया। निवर्तमान मुख्यमंत्री ने कहा कि वे विनम्रतापूर्वक जनता के फैसले को स्वीकार करते हैं और नई सरकार को बधाई देते हैं।

भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि राजस्थान में भाजपा की ये जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी की जीत है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी ने भाजपा को स्पष्ट बहुमत देने के लिए राज्य की जनता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण ही इस जीत का आधार बना है।

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव

मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा ने 163 सीटें जीतकर राज्य विधानसभा में स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। कांग्रेस ने 66 सीटों पर जीत हासिल की है। एक सीट अन्‍य के खाते में गई है। पिछले दो दशकों में मध्य प्रदेश में भाजपा की यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले 2003 में जब भाजपा पहली बार सत्ता में आई थी तो उसे 42 दशमलव 5 प्रतिशत वोट मिले थे। 2008 में पार्टी को 37 दशमलव 6 प्रतिशत और 2013 में 44 दशमलव 9 प्रतिशत वोट मिले थे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधनी विधानसभा सीट से रिकॉर्ड एक लाख 5 हजार से ज्यादा वोटों से चुनाव जीते हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने इस बंपर जीत के लिए प्रधानमंत्री मोदी और लाड़ली बहना का आभार जताया है।

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव

छत्तीसगढ़ में भाजपा पांच साल बाद फिर से सत्ता में आ रही है। पार्टी ने 54 सीटों पर जीत हासिल की है। सत्तारूढ़ कांग्रेस को 35 सीटें मिली हैं। भूपेश बघेल सरकार के नौ मंत्री चुनाव हार गए, जबकि केवल तीन मौजूदा मंत्री ही जीतने में सफल रहे।

निवर्तमान मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल पाटन सीट से 19 हजार से अधिक वोटों से चुने गए, लेकिन उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव अंबिकापुर से महज 158 वोटों से अपनी सीट हार गए। भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, वरिष्ठ नेता अमर अग्रवाल, लता उसेंडी, ओपी चौधरी, लखनलाल देवांगन और नीलकंठ टेकाम ने अपनी-अपनी सीटें जीत ली हैं। रायपुर पहुंचे पार्टी प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के वादों पर भरोसा जताने के लिए राज्य के मतदाताओं को धन्यवाद दिया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने भी कहा कि पार्टी चुनावी वादे पूरे करेगी।

कांग्रेस नेता और पार्टी प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि पार्टी छत्तीसगढ़ के नतीजों की समीक्षा करेगी। उन्होंने राज्य में चुनाव जीतने के लिए भाजपा को बधाई दी।

निवर्तमान मुख्यमंत्री बघेल ने राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात करके उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया।

तेलंगाना विधानसभा चुनाव

तेलंगाना में राज्यपाल डॉ तमिलिसाई सौंदर्यराजन ने मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और नई सरकार बनने तक उन्हें पद पर बने रहने को कहा है।

कांग्रेस ने 119 में से 64 सीटों पर जीत हासिल की है। जीत की हैट्रिक की उम्मीद कर रही सत्तारूढ़ बीआरएस को केवल 39 सीटें मिली हैं। भाजपा आठ सीटों के साथ तीसरे स्थान पर रही। एआईएमआईएम ने 7 सीटें जीती हैं। सीपीआई को भी एक सीट मिली है। मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव गजवेल से जीत गए लेकिन कामारेड्डी सीट पर हार गए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी कोडांगल से जीत गए लेकिन कामारेड्डी सीट पर उन्हें हार का सामना करना पड़ा। कामारेड्डी सीट पर भाजपा के वेंकटरमण रेड्डी ने जीत हासिल की। भाजपा नेता इटेला राजेंदर हुजूराबाद और गजवेल दोनों सीटों पर हार गए।

हैदराबाद में कांग्रेस के प्रभारी माणिकराव ठाकरे ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अच्छा प्रचार किया और ‘सभी वरिष्ठ नेताओं ने सामूहिक रूप से चुनाव लड़ा।’ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी ने इस जीत को तेलंगाना के लोगों की जीत बताया है। उन्होंने इस जीत को अलग राज्य के आंदोलन के शहीदों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस पार्टी के आश्वासन के अनुसार 6-गारंटियां लागू की जाएंगी। उन्होंने सीपीआई, सीपीएम, तेलंगाना जन समिति को भी धन्यवाद दिया।

चुनाव लड़ने वाले छह सांसदों में से कांग्रेस के उत्तम कुमार रेड्डी, रेवंत रेड्डी और के वेंकट रेड्डी ने चुनाव जीता, जबकि भाजपा के तीन सांसद बंडी संजय कुमार, धर्मपुरी अरविंद और सोयम बापूराव हार गए। इस बीच, कांग्रेस नेता कल राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

नागालैंड विधानसभा उपचुनाव

नागालैंड में तापी विधानसभा आरक्षित सीट का उपचुनाव नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी के वांगपांग कोन्याक ने जीता।

Leave a Comment

Recent Posts

National Film Awards 2026: ‘आर्टिकल 370’ बनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म, कार्तिक आर्यन और ममूटी को मिला बेस्ट एक्टर अवॉर्ड

National Film Awards 2026: ‘आर्टिकल 370’ बनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म, कार्तिक आर्यन और ममूटी को मिला… Read More

5 hours ago

RBI ने पॉलिमर नोटों की दिशा में बढ़ाया कदम, ₹10 और ₹20 के नोटों से हो सकती है शुरुआत

RBI ने पॉलिमर नोटों की दिशा में बढ़ाया कदम, ₹10 और ₹20 के नोटों से… Read More

6 hours ago

AIBE 21 (XXI) 2026: बार काउंसिल जल्द जारी कर सकती है नोटिफिकेशन, जानें रजिस्ट्रेशन और परीक्षा से जुड़ी अहम बातें

AIBE 21 (XXI) 2026: बार काउंसिल जल्द जारी कर सकती है नोटिफिकेशन, जानें रजिस्ट्रेशन और… Read More

8 hours ago

Skyroot Aerospace ने अंतरिक्ष मिशनों को दी नई रफ्तार, निजी स्पेस सेक्टर में भारत की बढ़ी ताकत

Skyroot Aerospace ने अंतरिक्ष मिशनों को दी नई रफ्तार, निजी स्पेस सेक्टर में भारत की… Read More

9 hours ago

Kal Ka Rashifal 19 July 2026: चंद्रमा के राशि परिवर्तन से बदलेगा दिन, जानें मेष से मीन तक सभी 12 राशियों का राशिफल

Kal Ka Rashifal 19 July 2026: चंद्रमा के राशि परिवर्तन से बदलेगा दिन, जानें मेष… Read More

10 hours ago

भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा वनडे: जो रूट की नाबाद 99 रन की पारी से इंग्लैंड की शानदार जीत, सीरीज 1-1 से बराबर

भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा वनडे: जो रूट की नाबाद 99 रन की पारी से इंग्लैंड… Read More

1 day ago

This website uses cookies.