Categories: News-Headlines

गृह मंत्री अमित शाह ने चंडीगढ़ में हाउसिंग बोर्ड के नये कार्यालय और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का लोकार्पण किया

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज चंडीगढ़ में हाउसिंग बोर्ड के नये कार्यालय और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का लोकार्पण किया। अमित शाह ने अर्बन पार्क,सेक्टर 17 में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल और चण्डीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित,चण्डीगढ़ की महापौर सरबजीत कौर और केन्द्रीय गृह सचिव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि आधुनिक विश्व के इतिहास में चण्डीगढ़ देश का सबसे विकसित शहर है। चण्डीगढ़ भारत के उन थोडे से शहरों में से एक है जिसे आयोजन कर बनाया गया है। अमित शाह ने कहा कि जब हम छोटे थे उस समय गुजरात के बच्चों को कहा जाता था कि चण्डीगढ़ योजनाकृत और देखने लायक़ शहर है। चण्डीगढ़ को देखकर सच्चे अर्थों में यह अनुभव होता है कि इसका डिज़ाइन बहुत महीन विचार कर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जब कोई शहर बनता और विकसित होता है तो समय के साथ-साथ उसकी ज़रूरतें भी बदलती जाती हैं और जो समय के साथ नहीं बदलते वे अपने आपको प्रासंगिक नहीं रख पाते। अमित शाह ने कहा कि मैं आज चण्डीगढ़ प्रशासन को ह्रदय से बधाई देना चाहता हूँ कि उसने बदलाव के साथ चलने का क्रम बनाया है। यह क्रम केवल नागरिक सुविधाओं तक ही सीमित नहीं है बल्कि इसमें सुरक्षा,पर्यावरण संरक्षण और चण्डीगढ़ की नई मिली जुली संस्कृति को सहेज कर रखा गया है।

अमित शाह ने कहा कि देश का प्रधानमंत्री बनने से पहले मोदी जी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने कहा कि गुजरात देश के ऐसे राज्यों में से एक है जहाँ शहरी जनसंख्या सबसे अधिक है। गुजरात का मुख्यमंत्री रहते हुए मोदी जी ने अर्बन डेवलपमेंट की अनेक कल्पनाओं को वास्तविक रूप से ज़मीन पर उतारने का काम किया। मोदी जी ने गुजरात का मुख्यमंत्री रहते हुए एक अत्याधुनिक टॉउन प्लानिंग एक्ट को भी ज़मीन पर उतारने का काम किया। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी जी ने पूरे देश में स्मार्ट सिटी की अवधारणा रखी। मोदी जी ने आधुनिक शहर किस प्रकार विकसित हों,दूरदर्शिता के साथ शहरी भूमि की कैसे प्लानिंग की जाए और सुविधाओं को अपग्रेड कर उनमें सामंजस्य और उनकी एकीकृत कमांड की कल्पना देश के सामने रखी। इसके बाद वे अमृत योजना और ग्रीन सिटी की कल्पना लेकर आए। अनेक योजनाओं को साथ में जोड़कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने स्वच्छता पर ज़ोर देने का काम किया। मोदी जी की इस पहल के कारण पूरे देश में,चाहे किसी भी दल की सरकार हो, शहरी विकास की एक नई कार्य संस्कृति का निर्माण हुआ है और देशभर के शहरों में समान विकास दिखाई पड़ता है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में चण्डीगढ़ देश का सबसे अनुशासित और आधुनिक शहर बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज कुल 165 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है।इनमें शिक्षा,6 गाँवों में पानी पहुँचाने,औद्योगिक क्षेत्र में बस डिपो बनाने तथा लड़के और लड़कियों के लिए हॉस्टल बनाने का काम शामिल है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा काम एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाने का है। यह एकीकृत कमांड सेंटर आने वाले दिनों में चण्डीगढ़ में नागरिक प्रशासन के सभी क्षेत्रों में आमूल चूल परिवर्तन करने वाला है। उन्होंने कहा कि एक ही कमांड सेंटर से बहुत सारी नागरिक सुविधाओं की मॉनिटरिंग होगी और साथ ही इन्हें अपग्रेड करने की भी व्यवस्था होगी। इस कमान सेंटर से ट्रेफ़िक अनुशासन और नियम तोड़ने पर घर पर चालान भेजने,चण्डीगढ़ की सुरक्षा और किसी लापता वस्तु के नज़र आने पर क्षणभर में वहाँ पुलिस टीम भेजने सहित अनुशासन के एक नए वातावरण का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि एक प्रकार से चण्डीगढ़ में सभी नागरिक सुविधाओं को एक ही कमान सेंटर के तहत लाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने चण्डीगढ़ के प्रशासक से अनुरोध किया कि 12वीं तक के सभी स्कूली बच्चों को इस कमांड सेंटर को देखने का कार्यक्रम बनाया जाना चाहिए ताकि हमारे भावी नागरिकों में संस्कार का निर्माण हो सके।

अमित शाह ने कहा कि चंडीगढ़ के अंदर पहले भी बहुत सारे काम हुए हैं,40 इलेक्ट्रिक बसें दे दी गई हैं और 40 बसें देने का काम चल रहा है। चण्डीगढ़ को मॉडल सोलर सिटी के रूप में प्रस्थापित करने के लिए भी ढेर सारे इनीशिएटिव लिए गए हैं और पीपीपी मॉडल पर शायद भारत का सबसे बड़ा बाइक शेयरिंग सिस्टम चंडीगढ़ में ही है। इससे चंडीगढ़ के वातावरण को शुद्ध रखने में बहुत बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि चण्डीगढ़ प्रशासन ने प्रधानमंत्री आवास योजना को भी बहुत अच्छी तरह से लागू किया है और राजस्व रिकॉर्ड के शत प्रतिशत डिजिटलाइजेशन का काम भी समाप्त कर दिया गया हैं। शायद चण्डीगढ़ देश का सबसे पहला शहर होगा जहां शत प्रतिशत डिजिटलाइजेशन समाप्त हो गया है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में 7 साल में देश में बहुत सारे क्षेत्रों में ढेर सारे काम हुए हैं। विगत दिनों में मोदी जी के नेतृत्व में सबसे बड़ा काम कोरोना की स्वदेशी वैक्सीन निर्माण और देश को इसकी 185 करोड डोज उपलब्ध कराने का हुआ है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया अचंभित है कि 130 करोड़ की आबादी वाले देश में बिना किसी हो-हल्ला के आराम से सबको वैक्सीन मिलती है और दोनों डोज़ मिलने पर सर्टिफिकेट भी मिल जाता है। अमित शाह ने कहा कि बड़े-बड़े विकसित देश भी भारत के कोवीन एप की मांग कर अपने यहां व्यवस्था खड़ी करने का प्रयास कर रहे हैं,जो भारत ने पहले ही कर ली है। तीसरी लहर से बहुत सारे विकसित देश चिंतित और आहत हुए मगर भारत में तीसरी लहर कब आई और कब चली गई किसी को मालूम भी नहीं पड़ा क्योंकि देश में शत-प्रतिशत वैक्सीननेशन हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह एक उदाहरण है कि एक नेतृत्व कैसे टेक्नोलॉजी का सहारा लेकर गरीब से गरीब व्यक्ति की सेवा कर सकता है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने करीब 22 से 23 बार राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ पार्टी राजनीति से परे हटकर कोरोना प्रबंधन और वैक्सीनेशन के अमलीकरण पर वीडियो कॉन्फ़्रेंस कीं। अमित शाह ने कहा कि कोरोना काल में लॉकडाउन लग जाने से रोज कमाकर रोज खाने वाले एक बहुत बड़े तबके की रोज़गारी समाप्त हो गई और पूरी दुनिया यह देख रही थी कि भारत इन 80 करोड गरीब लोगों को किस प्रकार मैनेज करेगा। यहां भी टेक्नोलॉजी का उपयोग कर कर मोदी जी ने 2 साल तक देश के हर गरीब व्यक्ति को प्रतिमाह 5 किलो अनाज फ्री ऑफ कॉस्ट देने का काम किया और इसके अंदर कहीं कोई कोताही नहीं हुई क्योंकि थंब इंप्रेशन के साथ ही अनाज जाता है। देश के प्रधानमंत्री ने 80 करोड़ ग़रीब लोगों को भारत सरकार की ओर से 2 साल तक हर महीने 5 किलो अनाज मुफ़्त भेजने का काम किया और गरीब के घर का चूल्हा और रसोई अहर्निश चलती रहे इसकी चिंता की। उन्होंने कहा कि इन दो उदाहरणों ने साबित कर दिया है कि अगर देश का दूरदर्शी प्रधानमंत्री टेक्नोलॉजी का सहारा लेकर कोई चीज ठान लेता है तो फिर चाहे स्वास्थ्य का क्षेत्र हो या गरीब के घर अनाज पहुंचाने का,टेक्नोलॉजी की मदद से किसी के साथ अन्याय किए बगैर,सबको अपना अधिकार देकर और जीरो करप्शन के साथ लक्ष्यों को हासिल किया जा सकता है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि इसी हफ़्ते कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने मुफ्त में अनाज देने की योजना को 30 सितंबर 2022 तक बढ़ाने का फ़ैसला किया है, मैं इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी जी का धन्यवाद करता हूँ। उन्होंने कहा कि अब तक लगभग 3,40,000 करोड़ रुपये का एक हज़ार लाख मैट्रिक टन अनाज बांटने का काम समाप्त हो चुका है। आप कल्पना कर सकते हैं कि एक हज़ार लाख मैट्रिक टन अनाज 5-5 किलो के रूप में हर नागरिक के घर में पहुंचा और कोई अव्यवस्था नहीं हुई। अमित शाह ने कहा कि आज देश में हर क्षेत्र में परिवर्तन हो रहा है, चाहे वह कृषि के क्षेत्र में हो, औद्योगिक विकास में हो,दुनिया में भारत को उत्पादन का हब बनाने में हो,नई शिक्षा नीति लानी हो,अर्बन डेवलपमेंट हो,ग्रामीण विकास हो और गरीब कल्याण के कार्यक्रम हो। मोदी जी मे 7 साल के अंदर इन सारी योजनाओं को लागू करने का काम किया है।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने सबसे बड़ा काम देश को सुरक्षित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जब हम इन सब का एक संपुट बनाते हैं तो आज पूरी दुनिया में भारत को देखने का नजरिया बदला है। मोदी जी ने भारत के पासपोर्ट की वैल्यू बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ ने आने वाले समय की ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए स्वंय को बदलने के लिए आज ढेर सारे काम किए हैं। अमित शाह ने कहा कि मोदी जी का लक्ष्य है कि सभी प्रदेश आइडियल एडमिनिस्ट्रेटिव यूनिट बने और चंडीगढ़ बहुत बढ़िया तरीके से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की इच्छा और लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में जिस प्रकार से नई योजनाएं चालू की गई है मुझे पूरा भरोसा है कि मोदी सरकार की कार्य संस्कृति के तहत योजनाओं का जो निश्चित कालखंड है उसी कालखंड में इनका उद्घाटन भी होगा और लोगों को इनकी सुविधाएं भी मिलने लगे।

Leave a Comment

Recent Posts

National Film Awards 2026: ‘आर्टिकल 370’ बनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म, कार्तिक आर्यन और ममूटी को मिला बेस्ट एक्टर अवॉर्ड

National Film Awards 2026: ‘आर्टिकल 370’ बनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म, कार्तिक आर्यन और ममूटी को मिला… Read More

13 hours ago

RBI ने पॉलिमर नोटों की दिशा में बढ़ाया कदम, ₹10 और ₹20 के नोटों से हो सकती है शुरुआत

RBI ने पॉलिमर नोटों की दिशा में बढ़ाया कदम, ₹10 और ₹20 के नोटों से… Read More

14 hours ago

AIBE 21 (XXI) 2026: बार काउंसिल जल्द जारी कर सकती है नोटिफिकेशन, जानें रजिस्ट्रेशन और परीक्षा से जुड़ी अहम बातें

AIBE 21 (XXI) 2026: बार काउंसिल जल्द जारी कर सकती है नोटिफिकेशन, जानें रजिस्ट्रेशन और… Read More

15 hours ago

Skyroot Aerospace ने अंतरिक्ष मिशनों को दी नई रफ्तार, निजी स्पेस सेक्टर में भारत की बढ़ी ताकत

Skyroot Aerospace ने अंतरिक्ष मिशनों को दी नई रफ्तार, निजी स्पेस सेक्टर में भारत की… Read More

17 hours ago

Kal Ka Rashifal 19 July 2026: चंद्रमा के राशि परिवर्तन से बदलेगा दिन, जानें मेष से मीन तक सभी 12 राशियों का राशिफल

Kal Ka Rashifal 19 July 2026: चंद्रमा के राशि परिवर्तन से बदलेगा दिन, जानें मेष… Read More

17 hours ago

भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा वनडे: जो रूट की नाबाद 99 रन की पारी से इंग्लैंड की शानदार जीत, सीरीज 1-1 से बराबर

भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा वनडे: जो रूट की नाबाद 99 रन की पारी से इंग्लैंड… Read More

2 days ago

This website uses cookies.