अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद बिगड़ते हालात के बीच दो अफगान सांसदों समेत 392 लोगों के भारत पहुंचने की खबर को सभी समाचार पत्रों ने सुर्खी बनाया है। हिंदुस्तान लिखता है-काबुल से भारतीयों की वापसी तेज हुई। जनसत्ता लिखता है- भारतीय वायुसेना और नाटो के विमानों से चलाया गया विशेष अभियान। पत्र ने आगे दिया है- भारत में अफगानिस्तान के राजदूत ने मांगी मदद। राष्ट्रीय सहारा लिखता है-भारतीयों को निकालने की मुहिम तेज। वहीं लोकसत्य की सुर्खी है-रेस्क्यू के लिए अमरीका ने 18 कॉमर्शियल एयरक्राफ्ट के इमरजेंसी इस्तेमाल को दी मंजूरी। पंजाब केसरी लिखा है-काबुल से सुरक्षित लौटे भारतीय। अमर उजाला ने अपने पहले पन्ने पर दिया है- अफगानिस्तान से दोहा पहुंचे 146 और भारतीय स्वदेश रवाना हुए। पत्र लिखता है- अफगानी हिंदू-सिख भी बचाए गए। दैनिक भास्कर ने भारत पहुंचे अफगान सांसद नरिन्दर सिंह के हवाले से लिखा है-तालिबान ने हमारा सबकुछ छीन लिया। तालिबान लड़ाकों ने एयरपोर्ट पर की फायरिंग, लोग भागने लगे, सात अफगानियों के मरने की खबर नवभारत टाइम्स सहित सभी अखबारों में है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के गंगा तट पर आज होने वाले अंतिम संस्कार की खबर को भी समाचार पत्रों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है। अमर उजाला ने लिखा है-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल्याण को दी श्रद्धांजलि, कहा- वह लोगों के लिए विश्वास का प्रतीक। राष्ट्रीय सहारा ने लिखा है-कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने वालों का लगा तांता। उत्तर प्रदेश में आज सार्वजनिक अवकाश।
देश में कोरोना की रिकवरी दर बढ़कर 97.57 फीसदी हुई, सभी अखबारों में है। जनसत्ता सहित सभी अखबारों ने सुर्खी दी है कोरोना के उपचाराधीन मरीजों की संख्या-152 दिन में सबसे कम।